- जागरूकता, पोषण और उपचार से टीबी उन्मूलन की ओर मजबूत कदम बिलासपुर (ईएमएस)। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर सिम्स में आयोजित विशेष जागरुकता कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई सिर्फ दवाइयों से नहीं, बल्कि जागरूकता, पोषण और नियमित उपचार से ही जीती जा सकती है। इस अभियान में मरीजों की देखभाल के साथ समाज को भी जागरूक करने पर जोर दिया गया। सिम्स में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग द्वारा विश्व क्षय दिवस पर मंगलवार को व्यापक जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पंजीकृत टीबी मरीजों को प्रोटीन पाउडर वितरित किया गया, वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल देकर उनके पोषण स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। मरीजों और उनके परिजनों के लिए आयोजित जागरूकता सत्र में टीबी के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतीक कुमार ने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो मुख्यत: फेफड़ों को प्रभावित करता है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित इलाज से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने दवा का पूरा कोर्स करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। सहायक प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि यह बीमारी व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी गहरा असर डालती है, इसलिए समय पर इलाज बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में टीबीएचवी कविता सिंह, फार्मासिस्ट स्वाति श्रीवास्तव, तूफान सिंह सूर्यवंशी सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर टीबी मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। सिम्स में हो रहा बेहतर इलाज सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आधुनिक जांच तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने जागरूकता को टीबी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बताया। सिम्स में टीबी उपचार की उपलब्धि - वर्ष 2025-26 में 887 टीबी मरीजों की पहचान - सभी मरीजों का सफल उपचार - 84 एमडीआर-टीबी मरीजों को विशेष उपचार सुविधा - नोडल डीआरटीबी सेंटर में उन्नत चिकित्सा व्यवस्था टीबी से बचाव के जरूरी उपाय - लगातार खांसी, बुखार या वजन कम होने पर तुरंत जांच कराएं - दवा का पूरा कोर्स बीच में न छोड़ें - पौष्टिक आहार और स्वच्छता का ध्यान रखें - खांसते समय मुंह ढकें और मास्क का उपयोग करें मनोज राज 25 मार्च 2026