-ट्रंप बोले- मुझे मिला तोहफा बहुत खास, हम सही लोगों के साथ डील कर रहे हैं वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान ने यूएस को बहुत बड़ी रकम का एक तोहफा दिया है। यह तोहफा होर्मुज स्ट्रेस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह तोहफा ईरान के परमाणु प्रोग्राम से नहीं बल्कि तेल और गैस से जुड़ा है। ट्रंप ने इस तोहफे के बारे में खुलासा नहीं किया। यह रहस्यमयी टिप्पणी ट्रंप के उस फैसले के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले को पांच दिनों के लिए टाल दिया और युद्ध को खत्म करने एक समझौते के लिए ईरान के साथ बातचीत की मेज पर लौटने का फैसला लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा कि ईरान ने कुछ ऐसा किया जो सचमुच कमाल का था। उन्होंने हमें एक तोहफा दिया है और वह तोहफा आज हमारे पास पहुंचा है। यह बेहद ही खास तोहफा है, जिसकी कीमत बहुत ज्यादा है। मैं आपको यह नहीं बताऊंगा कि यह तोहफा क्या है? लेकिन ये बेहद अहम और खास है। इसका मेरे लिए एक ही मतलब है कि हम सही लोगों के साथ डील कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी कमांडर-इन-चीफ ने कहा कि तेहरान ने उन्हें जो तोहफा भेजा था वह तेल और गैस से जुड़ा था, क्योंकि दोनों देश संभावित संघर्ष-विराम की ओर देख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह तेल और गैस से जुड़ा था। साथ ही ट्रंप ने इस गिफ्ट को बहुत ही अनमोल बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या इसका संबंध होर्मुज स्ट्रेट से है तो ट्रंप ने इसका जवाब हां में दिया। उन्होंने कहा कि यह बहाव और जलडमरूमध्य से जुड़ा था। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यह तोहफा ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ा नहीं था, लेकिन उन्होंने अपने इस दावे को दोहराया कि ईरानी पक्ष इस बात पर सहमत है कि वे कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करेंगे। सिराज/ईएमएस 25मार्च26