नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में एक अवैध एलपीजी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इंडेन गैस के 183 सिलिंडर, जिनमें 154 भरे हुए थे, एक गोदाम से बरामद किए। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक अवैध एलपीजी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इंडेन गैस के 183 सिलिंडर गैस एजेंट के गोदाम से बरामद किए। इनमें से 154 सिलिंडर भरे हुए थे और 29 खाली थे। पुलिस के अनुसार, चार आरोपी पकड़े गए हैं, जिनकी पहचान शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। यह सभी एक अधिकृत गैस एजेंसी के रजिस्टर्ड डिलीवरी बॉय हैं। यह सभी एलपीजी सिलिंडर को बांटने की आड़ में अवैध स्टोरेज और रीफिलिंग में संलिप्त पाए गए हैं। जांच में पता चला कि एजेंसी से सिलेंडर लेने के बाद, आरोपी उन्हें ग्राहकों तक नहीं पहुंचाते थे, बल्कि किराए के गोदामों में जमा करते थे। पुलिस ने मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026