जयपुर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं छोटे जीवों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयपुर में ‘परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कलेक्ट्रेट परिसर में परिंडा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया तथा आमजन से भी इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने अपील की कि बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छोटे-छोटे प्रयासों से हम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीव-जंतुओं के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री रामवतार भारद्वाज ने बताया कि नव निर्माण एवं पर्यावरण केन्द्र, केशा का बास, करणसर द्वारा सामाजिक कल्याण गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत दस वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ’ अभियान के तहत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, कार्यालयों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों एवं पेड़ों पर पानी के बर्तन लगाए जाएंगे, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों एवं छोटे जानवरों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। अशोक शर्मा/ 5:40 बजे/25 मार्च 2026