राज्य
25-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस को दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित अपने पुराने मुख्यालय खाली करने का नोटिस मिला है। एस्टेट विभाग ने 28 मार्च तक परिसर खाली करने को कहा है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे आवाज दबाने की कोशिश बताया। राजधानी में कांग्रेस को उसके पुराने मुख्यालय 24 अकबर रोड स्थित दफ्तर को खाली करने का नोटिस मिला है। सूत्रों के अनुसार, एस्टेट विभाग ने पार्टी को 28 मार्च तक परिसर खाली करने के लिए कहा है। करीब 48 वर्षों तक 24 अकबर रोड कांग्रेस का केंद्रीय मुख्यालय रहा है। हालांकि पिछले वर्ष पार्टी ने अपना नया मुख्यालय इंदिरा भवन में स्थानांतरित कर दिया था। इसके बावजूद पुराने दफ्तर में पार्टी की गतिविधियां जारी थीं। नोटिस को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। चर्चा कर हम आगे की कार्रवाई करेंगे। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सरकार को लगता है कि दबाव बनाकर कांग्रेस की आवाज दबा सकती है। उन्हें हमें डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। क्या उन्होंने भाजपा के कार्यालय 11 अशोक रोड या पंत मार्ग के मामले में भी ऐसा किया है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026