राज्य
25-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने एमसीडी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत और धूल नियंत्रण में तेजी लाने के निर्देश दिए। संधू ने नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था पर जोर दिया। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को एमसीडी द्वारा शहर में नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे प्रमुख कार्यों और पहलों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान उपराज्यपाल ने पिछले कुछ वर्षों में किए गए प्रयासों की सराहना की, लेकिन कहा कि अभी भी काफी काम किया जाना बाकी है। उन्होंने विशेष रूप से कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, धूल नियंत्रण और नागरिकों व मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दों के त्वरित समाधान पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सलाह दी कि वे नागरिकों और मीडिया से मिलने वाले फीडबैक को सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से लें तथा जमीनी हकीकत और नागरिकों की अपेक्षाओं के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की शीर्ष नागरिक संस्था के रूप में एमसीडी के लिए यह बेहद जरूरी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026