राज्य
25-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। पटपड़गंज के विधायक ने डीडीए जमीन पर कब्जे, ग्रेटर कैलाश की विधायक ने चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर जाम का मुद्दा उठाया। अन्य विधायकों ने भी रखीं समस्याएं। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही नियम संख्या 280 (विशेष उल्लेख) के तहत शुरू हुई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विधायकों ने अपने-अपने इलाकों से जुड़े मुद्दे सदन में उठाए और सरकार से समाधान की मांग की। बुधवार को विधानसभा सदन की कार्यवाही में स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की अनुपस्थिति में डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने सभापति के रूप में सदन की कार्यवाही का संचालन किया। पटपड़गंज से विधायक रविंदर नेगी ने अपने क्षेत्र पूर्वी विनोद नगर में भू-माफिया द्वारा दिल्ली डेवलपमेन्ट अथाॅरटी (डीडीए) की जमीन पर अवैध कब्जे का मुद्दा उठाया और इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की। चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे जाम की समस्या ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय ने चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। रिठाला से विधायक कुलवंत राणा ने सरकारी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह नहीं हैं। उन्होंने इस पर सख्ती से संज्ञान लेने की मांग की। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/मार्च/2026