गुना (ईएमएस)। अवकाश के बाद नानाखेड़ी कृषि उपज मंडी खुलते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे मंडी क्षेत्र और उमरी रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पिछले दो दिनों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। सोमवार दोपहर स्थिति तब और बिगड़ गई जब उमरी रोड पर करीब दो से तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे। जाम की मुख्य वजह मंडी में नीलामी के बाद तुलाई के लिए धर्म कांटे की ओर बढ़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली और उमरी की ओर से मंडी आने वाले वाहनों का आमने-सामने अटकना बताया जा रहा है। सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने और धर्म कांटे पर सीमित स्थान के कारण वाहनों की कतार लगातार बढ़ती गई, जिससे अन्य छोटे-बड़े वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया। जाम में फंसे किसानों ने बताया कि वे डेढ़ से दो घंटे तक सड़क पर अटके रहे, लेकिन व्यवस्था संभालने कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। चिलचिलाती धूप में खड़े रहना उनके लिए परेशानी भरा रहा। मंडी से तुलाई के लिए जा रहे किसानों ने भी इसी तरह की समस्या बताई और कहा कि मंडी से लेकर धर्म कांटे तक पूरा रास्ता जाम से जकड़ा रहा। इस अव्यवस्था को लेकर किसानों और आम लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने। - सीताराम नाटानी