दतिया ( ईएमएस ) | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की निर्बाद्ध तैयारी एवं सफल आयोजन के उद्देश्य से आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री अशोक कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश श्री अखिलेश कुमार धाकड़, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सतीश वसुनिया, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री निधि पिंटो सहित अन्य अधिकारीगण एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रधान न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सिविल, आपराधिक, बैंक रिकवरी, श्रम विभाग, विधुत, जलकर, सम्पति कर, मोटर दुर्घटना, वाहन चालान जैसे प्रकरणों आपसी सहमति से अधिक से अधिक समाधान सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से न केवल अदालती कार्यभार कम होता है बल्कि आमजन को त्वरित न्याया भी मिलता है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा से अधिक से अधिक तामीली करवाने की बात कही। जिससे पिछली लोक अदालत की तुलना में अधिक प्रकरणांे का निराकरण किया जा सके। बैठक के अंत में प्रधान न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने पुलिस एवं प्रशासन से पूर्ण सहयोग की अपील की जिस पर उपस्थित अधिकारियों ने लोक अदालत के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।