क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- बिना किसी परेशानी के ट्रक बार्डर पार कराने मांगी थी घूस जबलपुर, (ईएमएस)। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बुधवार को बरगी रोड पर ट्रक पास कराने के एवज में आरटीओ की महिला आरक्षक और उसके निजी सहयोगी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रेप किया| इस कार्रवाई के बाद आरटीओ विभाग में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि नवी मुंबई खारघर निवासी प्रशांत दत्तात्रेय जाधव के 10 ट्रक उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में माल का परिवहन करते हैं। बुधवार 25 मार्च को वाहन क्रमांक डीडी 01पी 09764 नागपुर- जबलपुर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान बरगी के पास तैनात आरटीओ विभाग की आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके साथी निजी कर्मचारी मोहित साहू ने गाड़ी को बिना किसी परेशानी के निकालने के बदले में वाहन मालिक से 4 हजार 500 रुपए की रिश्वत मांगी थी।वाहन मालिक और चालक जय सिंह यादव निवासी छतरपुर ने इस अवैध मांग की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही श्वेता अहिरवार के इशारे पर मोहित साहू ने रिश्वत की राशि स्वीकार की लोकायुक्त की टीम ने दोनों को दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम 1988 (संशोधन)2018 की धारा-7,12,13(1)B, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। ट्रेप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक सुश्री शशि मर्सकोले , निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक जीतेंद्र यादवएवं लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल था। सुनील साहू / मोनिका / 25 मार्च 2026/ 05.18