क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


- निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में गिट्टी खाली करते हुआ हादसा कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से भरा ट्रैलर खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के अनुसार उक्त हादसे में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले नामक युवक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जो पास खड़े ट्रैलर का स्टेपनी बदलवा रहा था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा हैं जो कोरबा जिले में काम कर रहा था। घटना के तुरंत बाद ट्रैलर का चालक घटना स्थल से फरार हो गया। इस हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि यह दुर्घटना लापरवाही के कारण हुई है, क्योंकि साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं था और वाहन को अकेले ही खाली किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतक के रिश्तेदार ने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा कि युवक की मृत्यु हो चुकी थी और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा चुकी थी। उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर जांच की मांग की और लापरवाही की आशंका जताई। मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय यह घटना हुई। उन्होंने खुद फील्ड पर काम करते हुए इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। 25 मार्च / मित्तल