-सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कांग्रेस-नेत्री की हालत नियंत्रण में; डॉक्टरों की निगरानी जारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उन्हें मंगलवार रात दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है। अस्पताल प्रशासन ने बुधवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया कि सोनिया गांधी को रात 10:22 बजे अस्पताल लाया गया था और उनकी स्थिति नियंत्रण में है। इस बीच बेटे राहुल गांधी ने अपना केरल दौरा टाल दिया है। गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्हें पेट और यूरिनरी इंफेक्शन की शिकायत थी, जिसके चलते जांच की जा रही है। इलाज के तहत उन्हें एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं ताकि संक्रमण को जल्द नियंत्रित किया जा सके। सूत्रों का कहना है कि मौसम में बदलाव भी उनकी तबीयत बिगड़ने की एक वजह हो सकता है। इस बीच, कांग्रेस सांसद और उनके बेटे राहुल गांधी ने अपनी मां की सेहत को देखते हुए अपना केरल दौरा रद्द कर दिया है। राहुल गांधी को बुधवार को केरल में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था, लेकिन उन्होंने दिल्ली में रुकने का फैसला किया। उनके स्थान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कोझिकोड के लिए रवाना हुए। गौरतलब है कि सोनिया गांधी ने 2024 का लोकसभा चुनाव स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए नहीं लड़ा था। वर्तमान में वह राज्यसभा की सदस्य हैं। इससे पहले वह लंबे समय तक रायबरेली से सांसद रहीं, जहां से अब राहुल गांधी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं उनकी बेटी प्रियंका गांधी केरल की वायनाड सीट से सांसद हैं। हिदायत/ईएमएस 25मार्च26