अशोकनगर (ईएमएस)। शहर के सट्टा किंग कहे जाने वाले आजाद खान के भाई और पार्षद राशिद खान के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है। इस बार उन पर फरियादी को धमकाने का आरोप लगा है। बुधवार शाम पुलिस टीम ने उनकी गिरफ्तारी के लिए घर पर दबिश दी, लेकिन वे मौके पर नहीं मिले। पुलिस ने उनके घर पर थाने में हाजिर होने का नोटिस चस्पा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला पुलिसकर्मियों के साथ टीम ने राशिद खान चिन्ना के घर तलाशी ली। इस दौरान एसडीओपी विवेक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान, देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा और कचनार थाना प्रभारी पूनम सेलर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, 12 मार्च को राशिद खान चिन्ना और अल्ताफ ने पठार मोहल्ला निवासी गोपाल यादव के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि 22 अप्रैल को राशिद खान ने फरियादी के घर पहुंचकर राजीनामे के लिए धमकाया, जिसके आधार पर नया केस दर्ज हुआ है। एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि आरोपी को थाने में पेश होने के लिए नोटिस दिया गया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। यदि वह हाजिर नहीं होते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पहले भी हो चुकी बड़ी कार्रवाई: उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन सट्टे के मामले में राशिद खान के भाई आजाद खान के खिलाफ पहले ही बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने उनके फार्महाउस और होटल को ध्वस्त किया था। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 25 मार्च 2026