क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


० पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण, नई तकनीक, उत्पादन प्रक्रिया और बाजार तंत्र की मिली गहन जानकारी कोरिया (ईएमएस)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की तकनीकी क्षमता, बाजार समझ एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की रैम्प योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में सीएसआईडीसी के मार्गदर्शन में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 23 एवं 24 मार्च 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में दो दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कोरिया,गौरेला- पेंड्रा- मरवाही एवं बस्तर जिलों से कुल 25 एमएसएमई उद्यमियों ने सहभागिता की। विज़िट का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों, उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों एवं बाजार तंत्र की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क, नागपुर के बिजनेस हेड एस. के. राणा द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की एक्सपोज़र विज़िट उद्यमियों के लिए सीखने, नेटवर्किंग बढ़ाने एवं व्यवसाय में नवाचार अपनाने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करती है। दो दिवसीय इस विज़िट के दौरान उद्यमियों ने विभिन्न उद्योगों, प्रोसेसिंग यूनिट्स, क्लस्टरों एवं प्रशिक्षण संस्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें अत्याधुनिक उत्पादन तकनीकों, मशीनरी, गुणवत्ता नियंत्रण एवं प्रमाणन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सफल उद्यमियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद कर व्यावसायिक अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया गया। विज़िट के दौरान प्रमुख गतिविधियों में उन्नत उद्योगों एवं क्लस्टरों का दौरा, उत्पादन तकनीक एवं मशीनरी का अध्ययन, गुणवत्ता मानकों एवं सर्टिफिकेशन की जानकारी, बाजार एवं सप्लाई चेन की समझ, वेल्यू एडिशन की प्रक्रिया, नए व्यवसायिक अवसरों एवं बेस्ट प्रैक्टिसेस का अध्ययन तथा एमएसएमई से संबंधित शासकीय योजनाओं की जानकारी शामिल रही। उद्यमियों ने इस विज़िट को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार हेतु नई तकनीकों, बेहतर प्रबंधन प्रणाली एवं बाजार संभावनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। कार्यक्रम का सफल संचालन चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के रोहित शर्मा एवं पंकज साहू द्वारा किया गया। वहीं सीएसआईडीसी विभाग के प्रतिनिधि योगेश जायसवाल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026