क्षेत्रीय
25-Mar-2026


अशोकनगर (ईएमएस)। जिले के ईसागढ़ रोड पर तरावली गांव के पास मंगलवार देर शाम एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में 36 वर्षीय अशोक केवट, पुत्र मेहरबान सिंह केवट, निवासी महाना, की मौके पर ही मौत हो गई। अशोकनगर से मजदूरी कर लौट रहे अशोक को टक्कर के बाद सडक़ पर कुछ देर पड़ा देखा गया। बाद में उसके परिचितों ने उसे देखा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। अशोक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का दावा है कि दुर्घटना के लगभग एक घंटे बाद ही अस्पताल पहुंचाया गया। बुधवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। परिवार ने बताया कि अशोक रोज मजदूरी करने अशोकनगर आता और शाम को वापस घर लौटता था। पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान और चालक को पकडऩे के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 25 मार्च 2026