क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने ग्राम पंचायतों के सोशल ऑडिट में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 151 करोड़ रुपये की अनियमितताएं और 13,861 मामलों का सामने आना इस बात का संकेत है कि भ्रष्टाचार निचले स्तर तक पहुंच चुका है। वंदना राजपूत ने आरोप लगाया कि पंचायतों के विकास कार्यों के लिए जारी राशि में बड़े पैमाने पर बंदरबांट हुआ है और इसमें सत्तारूढ़ दल के नेता व कार्यकर्ता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत विभाग में फंड आवंटन के दौरान कमीशनखोरी हावी है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और बिना काम के ही राशि निकाली जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायतों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त धन नहीं मिल पा रहा है। जो सीमित राशि जारी की जा रही है, वह भी कथित तौर पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य ठप हो गए हैं। उनके अनुसार, पिछले दो वर्षों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कई स्थानों पर सड़क और नाली निर्माण जैसे कार्य नहीं कराए गए। हालांकि, इन आरोपों पर राज्य सरकार या भाजपा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आमतौर पर सरकार का कहना रहता है कि विकास कार्य योजनाबद्ध तरीके से जारी हैं और अनियमितताओं के मामलों में जांच के बाद कार्रवाई की जाती है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026