क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के आयोजन को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन भी कथित तौर पर अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को तय मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिला और कई जगहों पर उन्हें भरपेट भोजन व पानी के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के सामने इस आयोजन ने राज्य की छवि को प्रभावित किया है। उन्होंने बालोद में आयोजित जंबूरी कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी कथित अनियमितताएं हुई थीं, जिनकी जांच अब तक नहीं कराई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के निरीक्षण के दौरान भोजन स्टॉल पर मेन्यू के अनुसार व्यवस्थाएं दिखाई गईं, लेकिन उनके जाने के बाद भोजन सामग्री में कमी आ गई। खिलाड़ियों को भोजन के लिए विवाद की स्थिति का सामना करना पड़ा। कांग्रेस प्रवक्ता ने नवरात्रि के दौरान आयोजन में मांसाहार परोसे जाने पर भी सवाल उठाए और इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब सरकार स्वयं मांसाहार की दुकानों पर प्रतिबंध के निर्देश देती है, तो ऐसे आयोजन में इसकी अनुमति कैसे दी गई। कांग्रेस ने मांग की है कि आयोजन में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026