:: कलेक्टर्स और ऑयल कंपनियों के साथ आपात बैठक; सप्लाई चेन को निर्बाध रखने और कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और उपलब्धता को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने आज संभाग के सभी कलेक्टर्स और पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि इंदौर संभाग में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे पैनिक न हों और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। संभागायुक्त ने ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों द्वारा बनाई गई पैनिक की स्थिति के मद्देनजर जिलों में सप्लाई चेन को निर्बाध रूप से सतत जारी रखा जाए। बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि उनके पास वर्तमान और भविष्य की आवश्यकता के लिए पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित है। बुधवार को भी डिपो से पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। :: कालाबाजारी करने वाले डीलरों पर होगी सख्त कार्रवाई :: संभागायुक्त ने वितरक कंपनियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे ब्लैक मार्केटिंग (कालाबाजारी) करने वाले डीलरों को चिह्नित कर उन पर तत्काल कठोर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पेट्रोल पंपों पर अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से उपभोक्ताओं को वस्तुस्थिति से अवगत कराने और उन्हें संबोधित करने के निर्देश भी दिए गए। :: प्रशासन और कंपनियां साझा करेंगी स्टॉक का डेटा :: पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोलियम कंपनियां जिला प्रशासन के साथ अपने स्टॉक की उपलब्धता का डेटा नियमित रूप से साझा करेंगी। उन्होंने नागरिकों से पुनः अपील की है कि वाहनों के अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें, क्योंकि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। सामान्य दिनों की तरह ही ईंधन की उपलब्धता निरंतर बनी हुई है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। प्रकाश/25 मार्च 2026