देहरादून (ईएमएस)। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के तत्वावधान में कांवली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बल्लीवाला चैक, देहरादून में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, भारी किल्लत एवं अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदेश सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून सहित पूरे प्रदेश में गैस एजेंसियों की मनमानी चरम पर है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से सीधे सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है और केवल होम डिलीवरी के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद आम उपभोक्ताओं को न्यूनतम 25 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि जिनके पास दो सिलेंडर हैं उन्हें 35 दिन तक और उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 45 दिन तक गैस के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। गोगी ने कहा है कि यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक और जनता के साथ अन्यायपूर्ण है। डा. गोगी ने कहा कि गैस एजेंसियों और संबंधित तंत्र की मिलीभगत से कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे आम आदमी को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उसे महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले में मूकदर्शक बनी हुई है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। डा. गोगी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, गैस की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 मार्च 2026