रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर पुलिस ने फर्जी एमबीबीएस डिग्री और पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में साक्षी सिंह 28 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में पहले ही चार आरोपियों भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मामला 17 फरवरी 2026 का है जब प्रार्थी संजय निराला ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसे और उसके रिश्तेदारों को पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने और फर्जी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी की। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद किसी को नौकरी नहीं दिलाई गई। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को साक्षी सिंह की संलिप्तता की जानकारी मिली। इनपुट मिलने पर पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां से उसे पकड़कर रायपुर लाया गया। पूछताछ में साक्षी सिंह ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी.वाई. पाटिल विद्यापीठ, पुणे के नाम से फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस डिग्री तैयार कर आरोपियों को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026