रायपुर (ईएमएस)। रायपुर नगर पालिक निगम जोन 2 में कार्यरत सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के लिए मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का संचालन मोबाइल मेडिकल यूनिटऔर दाई दीदी क्लीनिक की टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उपचार और जागरूकता सुनिश्चित करना था। इस पहल के तहत लगभग 41 प्रकार की स्वास्थ्य जांचों का संचालन किया गया, जिनमें ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, हीमोग्लोबिन थायरॉइड प्रोफाइल, लिवर फंक्शन टेस्ट , रीनल फंक्शन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक परीक्षण शामिल थे। साथ ही, 130 प्रकार की आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं। शिविर में सामान्य बीमारियों जैसे शरीर में दर्द, खांसी-जुकाम, सिरदर्द, ब्लड प्रेशर और शुगर का तत्काल उपचार भी किया गया। विशेष रूप से इस शिविर में सफाई मित्रों के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। उन्हें कार्य के बाद व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव, सुरक्षित कार्य प्रथाओं, संतुलित आहार, और हानिकारक आदतों से दूर रहने के उपाय बताए गए। महत्वपूर्ण बात यह है कि सफाई मित्र और स्वच्छता दीदियां शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर ध्यान देना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क जांच और उपचार मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ी है और जीवन स्तर में सुधार हुआ है। राज्य सरकार द्वारा हर माह ऐसे शिविरों का आयोजन किए जाने से स्लम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक आसानी से पहुँच रही हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026