क्षेत्रीय
25-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर की कचरा संग्रहण प्रणाली में सुधार और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम ने आज 11 इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का शुभारंभ किया। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने सभापति सूर्यकांत राठौड़, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्यों और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य हेतु रवाना किया। यह कदम भारत सरकार द्वारा 28 जनवरी 2026 को अधिसूचित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुपालन में उठाया गया है। नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे और इसके तहत प्रत्येक नागरिक और संस्थान को गीला, सूखा, सेनेटरी एवं स्पेशल केयर वेस्ट इन चार श्रेणियों में कचरा अलग करने का अनिवार्य पालन करना होगा। शुभारंभ समारोह में निगम के प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे, जिनमें नगर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, अपर आयुक्त राजस्व श्रीमती कृष्णा सटीक, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, उपायुक्त राजस्व श्रीमती जागृति साहू, कार्यपालन अभियंता स्वच्छ भारत मिशन योगेश कडु सहित अन्य विशेषज्ञ और सफाई सुपरवाईजर शामिल थे। नए इलेक्ट्रॉनिक वाहनों को अनुबंधित एजेंसी रामकी कंपनी के माध्यम से वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य के लिए तैनात किया गया है। नगर पालिक निगम का यह कदम पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और शहरवासियों को बेहतर कचरा प्रबंधन सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/25 मार्च 2026