अंतर्राष्ट्रीय
26-Mar-2026
...


खार्ग आइलैंड को ईरान ने युद्ध के किले में बदला, अतिरिक्त सैनिक किए तैनात तेहरान,(ईएमएस)। मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से विस्फोटक होते जा रहे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अब सीधे सैन्य टकराव की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है। खाड़ी के अहम इलाके खार्ग आइलैंड को लेकर खेल शुरू हो चुका है, जहां से ईरान करीब 90फीसदी कच्चे तेल का निर्यात करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने इस आइलैंड को युद्ध के किले में बदल दिया है। यहां अतिरिक्त सैनिक तैनात किए गए हैं, एयर डिफेंस सिस्टम लगाए गए हैं और सबसे खतरनाक बात यह है कि किनारों पर एंटी-पर्सनल और एंटी-आर्मर माइंस बिछा दी गई हैं यानी अगर अमेरिकी सेना यहां उतरती है, वह अपनी जान जोखिम में डालेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम इस छोटे से द्वीप पर कब्जा करने के विकल्प पर विचार कर रही है। मकसद है ईरान पर दबाव बनाकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए मजबूर करना, लेकिन सैन्य विशेषज्ञ इस प्लान को बेहद जोखिम भरा बता रहे हैं। डिफेंस एक्सपर्ट्स का साफ कहना है कि ‘खार्ग आइलैंड पर जमीनी ऑपरेशन का मतलब अमेरिका को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ईरान ने हाल ही में कंधे से दागे जाने वाले मिसाइल सिस्टम भी यहां तैनात किए हैं, जो हेलीकॉप्टर और फाइटर जेट्स के लिए बड़ा खतरा हैं। इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री ने खुली धमकी दी है जहां भी अमेरिकी हित दिखेंगे, वहां हमला किया जाएगा और जो देश अमेरिका का साथ देगा, वो भी निशाने पर होगा। इस बयान ने पूरे इलाके में डर और तनाव और बढ़ा दिया है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि अमेरिका को अपने तेल भंडार से तेल निकालना पड़ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में उछाल आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक बहरीन में ईरान के हमले से आग लगने की खबर आई, जबकि यूएई ने भी पुष्टि की है कि वह ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों को इंटरसेप्ट कर रहा है। वहीं लेबनान में हिजबुल्लाह ने इजराइली सैनिकों पर कई हमले करने का दावा किया है। इस बीच खबर आई थी कि अमेरिका का एफ-18 फाइटर जेट ईरान ने मार गिराया है, हालांकि अमेरिका के सेंटकॉम ने इस दावे का गलत बताया है और कहा कि ईरान ने किसी भी यूएस फाइटर जेट को नहीं गिराया है, जो पहले दावा किया जा रहा था। सिराज/ईएमएस 26मार्च26