26-Mar-2026
...


- खिलचीपुर में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सांवरलाल गौड़ का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वे 98 वर्ष के थे। उन्होंने सुबह करीब 7 बजे खाती कुंडी स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। परिजनों ने बताया कि उनकी अंतिम यात्रा दोपहर बाद निवास से शुरू होकर खिलचीपुर श्मशान घाट पहुंचेगी। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मराज नागर और टीआई उमाशंकर मुकाती सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और तिरंगे में लपेटकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सांवरलाल गौड़ के परिवार में दो बेटे महेंद्र गौड़ (शिक्षक) और मुकेश गौड़ तथा दो बेटियां अनीता और सोना हैं। सभी विवाहित हैं। अंतिम संस्कार में बड़े बेटे महेंद्र गौड़ मुखाग्नि देंगे। - 98 साल तक स्वस्थ्य जीवन रहा परिजनों के अनुसार, सांवरलाल गौड़ बेहद अनुशासित जीवन जीते थे। वे प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठकर योग और ध्यान करते थे। नियमित पैदल चलना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था, जिसके कारण 98 वर्ष की आयु में भी वे स्वस्थ थे और उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। करीब दो महीने पहले सीढ़ियों से उतरते समय उनका पैर फिसल गया था, जिससे पैर की हड्डी टूट गई थी। इस घटना के बाद से वे बिस्तर पर थे और उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। सांवरलाल गौड़ नाहरदा हनुमान मंदिर समिति से भी जुड़े थे और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के नाते, प्रशासन द्वारा उन्हें हर साल 15 अगस्त और 26 जनवरी पर सम्मानित किया जाता था। क्षेत्र में उन्हें एक सादगीपूर्ण और अनुशासित व्यक्तित्व के रूप में याद किया जाएगा। -निखिल/राजगढ़/26/3/2026