- बावड़ी, कुआं सफाई का प्रशिक्षण दिया राजगढ़(ईएमएस)l मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिला स्तर पर नवांकुर संस्थाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य संस्थाओं की क्षमता वृद्धि करना व 19 मार्च से 30 जून तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों को मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम में संभाग समन्वयक वरुण आचार्य व जिला समन्वयक प्रवीण सिंह पंवार ने नवांकुर संस्थाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जल संरक्षण आज की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं अपने-अपने सेक्टर में जल स्रोतों को चिन्हित कर उनकी साफ-सफाई, संरक्षण व गहरीकरण का काम शुरू करें। साथ ही प्याऊ निर्माण व पौधरोपण की तैयारी भी समय रहते पूरी की जाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतापगंज वन विभाग नर्सरी में विशेष सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षक जितेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रतिभागियों को नर्सरी निर्माण, पौध तैयार करने, देखरेख व संरक्षण की जानकारी दी। बैठक में विकासखंड समन्वयक मंगल व्यास, खजान सिंह ठाकुर, निलेष गुप्ता, भावना लम्बाते, बद्री बामनिया व बीरम सिंह मौजूद रहे। -निखिल/राजगढ़/26/3/2026