क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)l पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” के अंतर्गत गुमशुदा नाबालिग बालक/बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना ब्यावरा शहर पुलिस द्वारा त्वरित एवं सतत प्रयास करते हुए एक नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (IPS) द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं के प्रकरणों में पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं दक्षता के साथ कार्यवाही कर शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित की जाए। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के. एल. बंजारे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ब्यावरा प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ब्यावरा शहर निरीक्षक वीरेंद्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार प्रयास किए गए। जानकारी अनुसार 11 मार्च को फरियादी द्वारा थाना ब्यावरा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका नाबालिग बालक 10 जनवरी 2026 से ब्यावरा बस स्टैंड से बिना बताए कहीं चला गया है। रिपोर्ट पर तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना ब्यावरा शहर में अपराध क्रमांक 171/26 धारा 137(2) BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। चूंकि मामला नाबालिग से संबंधित था, अतः पुलिस टीम द्वारा विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच एवं सतत तलाश की गई। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 24 मार्च को पुलिस टीम द्वारा नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर वैधानिक कार्यवाही उपरांत उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी ब्यावरा शहर निरीक्षक वीरेंद्र सिंह धाकड़, उप निरीक्षक गोविंद सिंह मीना, प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह, आरक्षक 307 राहुल, आरक्षक 724 अंकित एवं आरक्षक 340 धीरेंद्र की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। निखिल/ब्यावरा/26/3/2026