राष्ट्रीय
26-Mar-2026
...


रामनवमी पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जीवन से त्याग, समरसता और आदर्श जीवन-मूल्यों का अनमोल संदेश मिलता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा- सभी देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार हमें न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए हम रामराज्य की परिकल्पना के अनुरूप, एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलजुल कर कार्य करें। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा- मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव, रामनवमी के इस पावन एवं गौरवशाली अवसर पर समस्‍त देशवासियों को हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं। धैर्य, त्‍याग और न्‍यायप्रियता के प्रतीक भगवान राम का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए न्याय, सत्य और अटूट मर्यादा का सर्वोच्च आदर्श है। उनके आदर्श हमें सामाजिक समरसता, सदाचार और जनसेवा के मार्ग पर युगों-युगों तक अग्रसर रहने की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने लिखा- प्रभु श्रीराम की कृपा से अधर्म पर धर्म की विजय हो, समाज से अनाचार, अहंकार और अशांति का सर्वनाश होकर एक बेहतर समाज का निर्माण हो और हमारा राष्‍ट्र निरंतर उन्‍नति के पथ पर अग्रसर रहे यही मंगलकामना है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि भारत की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक आत्मा के अमिट प्रतीक, लोकमंगल, मर्यादा, करुणा और धर्म के दिव्य आलोक से समूचे राष्ट्रजीवन को आलोकित करने वाले हम सबके आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान प्रभु श्रीराम के पावन अवतरण दिवस श्रीराम नवमी की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा- मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि हम सभी सत्य, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित हों। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा- अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक प्रभु श्रीराम का संपूर्ण जीवन धैर्य, त्याग, तपस्या और लोक-कल्याण का अनुपम आदर्श है। रामराज्य की परिकल्पना हमें एक न्यायप्रिय और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करती है। वहीं उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने प्रदेशवासियों को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव श्री रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पोस्ट में कहा कि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन चरित्र हमें कर्तव्यनिष्ठा के साथ सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि आप सभी का जीवन सुख, समृद्धि एवं खुशहाली से परिपूर्ण हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। सिराज/ईएमएस 26मार्च26 ------------------------------