क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l महिलाओं में होने वाले जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में राजगढ़ जिला पूरे मध्यप्रदेश में दूसरे नंबर पर पहुंचा है। अब तक जिले में 11,097 बालिकाओं को टीके लगाए जा चुके हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया ने बताया कि जिले के लिए कुल 15,942 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था। 25 मार्च तक 11,097 बालिकाओं को वैक्सीन लग चुकी है। वर्तमान में ये टीका केवल 14 साल की बालिकाओं को लगाया जा रहा है। एचपीवी टीकाकरण में ये हैं - प्रदेश के टॉप-10 जिले 25 मार्च 2026, दोपहर 1.30 बजे तक की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में डिंडोरी 74.70% कवरेज के साथ पहले नंबर पर है। राजगढ़ 69.61% कवरेज और 11,097 बालिकाओं के टीकाकरण के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। तीसरे नंबर पर बालाघाट है, जहां 68.95% कवरेज के साथ 10,715 बालिकाओं को टीके लगे। मंडला (66.44%), खरगोन (55.06%), खंडवा (53.15%), मंदसौर (45.56%), बैतूल (44.97%), नर्मदापुरम (44.64%) और सागर (40.91%) टॉप-10 में शामिल हैं। प्रदेश में कुल 8,03,684 लक्ष्य के मुकाबले 2,00,538 बालिकाओं का टीकाकरण हुआ है।-निखिल/राजगढ़/26/3/2026