- युवा संगम कार्यक्रम आयोजित शिवपुरी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय परिसर, शिवपुरी में किया गया। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में निजी क्षेत्र की 7 कंपनियों ने भाग लिया, जिसमें कुल 64 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया। चयन प्रक्रिया के दौरान 36 से अधिक युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए। जिला रोजगार अधिकारी बी.एस. मीना ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत इस माह 82 हितग्राहियों को 1 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की राशि का ऑनलाइन वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को वित्तीय साक्षरता एवं कौशल विकास से संबंधित योजनाओं, जैसे राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर आईटीआई प्राचार्य सचिन कौरव, उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विवेक, ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रबंधक, आईटीआई स्टाफ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। ईएमएस / 26/03/2026