* अहमदाबाद में ऑनलाइन नीलामी में टू-व्हीलर से लेकर फोर-व्हीलर तक में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा, सिर्फ एक सीरीज़ से 67 लाख रुपये की आय अहमदाबाद (ईएमएस)| अहमदाबाद में वाहन नंबरों को लेकर लोगों का क्रेज एक बार फिर देखने को मिला है। अहमदाबाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा आयोजित ऑनलाइन फैंसी नंबर नीलामी में शहरवासियों ने खुलकर पैसा खर्च किया, जिससे विभाग को लाखों रुपये की आय हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, केवल एक ही सीरीज़ की नीलामी से आरटीओ को करीब 67 लाख रुपये की भारी-भरकम कमाई हुई है। इस दौरान ZB और YU सीरीज़ के लिए ऑनलाइन बिडिंग आयोजित की गई थी, जिसमें फोर-व्हीलर और टू-व्हीलर दोनों श्रेणियों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस नीलामी में सबसे ज्यादा आकर्षण ‘0009’ नंबर को लेकर देखा गया। आमतौर पर ‘0001’ नंबर सबसे महंगा बिकता है, लेकिन इस बार ट्रेंड बदल गया। ‘0009’ के लिए जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और आखिरकार यह नंबर 9.29 लाख रुपये में बिका। वहीं अन्य पसंदीदा नंबरों की बोली भी 9.59 लाख रुपये तक पहुंच गई। सिर्फ सिंगल डिजिट ही नहीं, बल्कि रिपीटिंग नंबरों के लिए भी लोगों ने जमकर पैसा खर्च किया। ‘9999’ नंबर 5.82 लाख रुपये में बिका, जबकि ‘7979’ के लिए 2.24 लाख रुपये की बोली लगी। ये आंकड़े बताते हैं कि लोग अपने वाहनों को यूनिक बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च करने से पीछे नहीं हट रहे। दिलचस्प बात यह है कि यह क्रेज सिर्फ लग्ज़री कारों तक सीमित नहीं रहा। टू-व्हीलर सेगमेंट में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक बाइक मालिक ने ‘0001’ नंबर के लिए 99 हजार रुपये तक खर्च कर दिए। कई मामलों में तो नंबर की कीमत वाहन की कीमत के बराबर या उससे अधिक भी देखी गई। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होने के कारण अब अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले रहे हैं, जिससे सरकार की आय में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सतीश/26 मार्च