- सनातन धर्म महासभा के नेतृत्व में होगा आयोजन जबलपुर, (ईएमएस)। वासंतेय नवरात्र पर्व के विश्राम दिवस पर आज रामनवमीं के दिन मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। वहीं आदिशक्ति की उपासना के नौ दिन सिद्धिदात्री देवी की आराधना व उपासना के उपरांत श्रद्धालु अपना व्रत खोलेंगे और तदोपरांत जवारों की शोभायात्रा निकाली जायेगी। श्री सनातन धर्म महासभा द्वारा भगवान श्रीराम नरसिंहपीठाधीश्वर स्वामी नरसिंहदास महाराज के सान्निध्य में शाम 4 बजे सनातन चौक (पुराना बस स्टेण्ड) से श्रीराम शोभायात्रा निकाली जायेगी। श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम सहानी ने बताया कि भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर शहर में परम्परानुसार 27 मार्च शुक्रवार की शाम 4 बजे से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा में रामधुन प्रस्तुत करती विभिन्न मंडलियां शामिल होंगी। वहीं शहर के तमाम साधु संत भी इस शोभायात्रा में शामिल होंगे। जीवंत झांकियां, बैण्ड दल और अश्वारोही दल भी शोभायात्रा में चलेंगे। शोभायात्रा में श्रीराम मंदिर मदनमहल की झांकियां भी शामिल होंगी। मंदिर समिति के अध्यक्ष गुलशन माखीजा ने बताया कि मंदिर में प्रातः मानस गायन एवं धार्मिक अनुष्ठान होंगे। दोपहर 12 बजे प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। विशाल भंण्डारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद, भोजन आदि का वितरण किया जायेगा। तदोपरांत दोपहर 3 बजे मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो बस स्टेण्ड में जाकर मुख्य शोभायात्रा में शामिल होगी। हनुमान चालीसा का होगा पाठ ............. शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर की भव्य झांकी और हनुमानजी की जीवन झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। शोभायात्रा का मार्ग .......... शोभायात्रा मुख्य बस स्टैण्ड से निकलकर तीनपत्ती चौक, जहांगीराबाद, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा बाजार, कोतवाली थाना होते हुये गोविंदगंज रामलीला मैदान मिलौनीगंज में संपन्न होगी, जहां पर धर्म सभा के रुप में तब्दील हो जायेगी। उपस्थिति की अपील .............. शोभायात्रा में उपस्थिति की अपील सनातन धर्म महासभा के स्वामी नरसिंह दास महाराज, स्वामी राधेचैतन्य, श्याम साहनी, बाबू विश्वमोहन, गुलशन मखीजा, अनिल तिवारी, कैलाश गुप्ता, वासुदेव शास्त्री, डॉ पवन स्थापक, डॉ सुधीर अग्रवाल, विध्येश भापकर, डा एच पी तिवारी, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, संदीप जैन गुड्डा, डॉ.संदीप मिश्रा, मनोज नारंग, लक्की भाटिया, मनोज यादव, श्रीमति आभा साहू दीपक साहू, आदि ने की है। सुनील साहू / मोनिका / 26 मार्च 2026/ 05.28