- प्रशासन की बड़ी कार्यवाही से 6 हेक्टेयर भूमि मुक्त दतिया ( ईएमएस ) | परिक्षेत्र दतिया की बीट भूता के कक्ष क्रमांक पी-50 में कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा चुपके-चुपके प्लॉटिंग कर शासकीय वन भूमि पर कब्जा करने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा था। कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखडे के निर्देशानुसार वनमण्डलाधिकारी श्री मोहम्मद माज के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की और अवैध निर्माण सामग्री, झोपड़ियां तथा अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर लगभग 6 हेक्टेयर मूल्यवान वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। प्राप्त जानकारी अनुसार, आरोपी व्यक्तियों ने पिछले कुछ महीनों से भूमि पर प्लॉटिंग का काम शुरू कर दिया था, जिसमें अवैध रूप से ईंट, बालू, लोहे की जाली और अन्य निर्माण सामग्री जमा की गई थी। स्थानीय निवासियों ने भी इसकी शिकायत वन विभाग से की थी, जिसके बाद विभाग ने गुप्त जांच शुरू की। वन रेंजर की अगुवाई में टीम ने छापेमारी की और बिना किसी विरोध के अतिक्रमणकारी सामग्री को जब्त कर हटा दिया। कार्यवाही के तुरंत बाद वन विभाग ने भूमि को सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक उपाय शुरू कर दिए। क्षेत्र में मजबूत फेंसिंग लगाने, गड्ढे खोदने और बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान की शुरुआत हो गई है। आज कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं वनमण्डलाधिकारी द्वारा पौधारोपण किया गया। इस दौरान लगभग 1000 पौधे रोपित किए जा रहे कलेक्टर श्री वानखडे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।