क्षेत्रीय
26-Mar-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर के गोबरा नवापारा में गुरुवार को सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चंपारण चौक के पास रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार को टक्कर मारी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि हाईवा चालक ने व्यक्ति को करीब 200 फीट तक घसीट दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोग और पुलिस का कहना है कि गरियाबंद और धमतरी जिलों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन लगातार जारी है। यही हाईवा गोबरा नवापारा होते हुए रायपुर तक पहुंचते हैं, जिससे इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। बार-बार हादसों के बावजूद खनिज विभाग की निष्क्रियता और ढीली कार्रवाई की वजह से अवैध रेत कारोबार पर कोई रोक नहीं लग पा रही है। आम लोगों को इसका खामियाजा अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हाईवा चालक की पहचान व गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मार्च 2026