मोदी सरकार ने कहा, देश में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं नई दिल्ली,(ईएमएस)। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर पेट्रोल-डीजल के दामों पर पड़ने लगा है। देश की पहली निजी तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। पेट्रोल के दाम में 5.30 प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दरअसल, युद्ध के कारण होर्मुज में बाधाओं और तेल कीमतों पर हमलों के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, इसका असर भारत में भी ईंधन कीमतों पर दिख रहा है। जहां हैदराबाद में पेट्रोल 107.46 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जो देश के प्रमुख शहरों में सबसे ज्यादा है। वहीं मुंबई और कोलकाता में भी पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार बना हुआ है। डीजल के मामले में भी हैदराबाद 95.70 रुपये प्रति लीटर के साथ शीर्ष पर है। बीते कुछ हफ्तों से पेट्रोल-डीजल की कमी की लगातार अफवाहें थी। इस लेकर पेट्रोल-पंपों पर लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि, मोदी सरकार ने साफ कर दिया हैं कि हमारे पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। हालांकि एक दिन पहले पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर तेल कंपनियों का बयान सामने आया था। कंपनियों ने कहा था कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। बीपीसीएल, एचपीसीएल और आईओसीएल ने कहा था कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। इस मुद्दे पर एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधकर कहा कि मोदी सरकार ऊर्जा संकट से निपटने में तैयार नहीं थी और पर्याप्त एनडीए भंडार बनाने में नाकाम रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। आशीष दुबे/ 26 मार्च 2026