राष्ट्रीय
26-Mar-2026
...


-जहां आचार संहिता लागू उन राज्यों के सीएम नहीं हो रहे शामिल नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस से बात करने वाले है। इस दौरान पश्चिम एशिया में जारी हालात और उसकी वजह से देश में पैदा हुई परिस्थतियों और उससे निपटने के लिए की जा रही तैयारियों पर चर्चा हो सकती है। जानकारी के अनुसार पीएम मोदी के साथ शाम 6.30 बजे की वीडियो कॉन्फ्रेंस में चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं होने वाले हैं, क्योंकि वहां आचार संहिता लागू है। इसके पहले पीएम मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा में पश्चिम एशिया के हालात, भारत में मौजूदा परिस्थिति और उससे निपटने की सरकार की तैयारियों के बारे में बताया हैं। केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक में भी विपक्षी दलों के साथ ताजा स्थिति साझा की है। पीएम मोदी ने कहा है कि दुनिया में हालात विषम हैं, लेकिन संकट से निपटने के प्रति सरकार संवेदनशील, सावधान और सतर्क है। संसद में पीएम मोदी ने कहा कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध की वजह से देश में जो हालात पैदा हुए हैं, उससे निपटने के लिए एकजुटता के साथ काम करने की जरूरत है। कोरोना संकट के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी इसी तरह से मुख्यमंत्रियों को भरोसे में लेकर टीम इंडिया की भावना के साथ काम कर चुके हैं। बात दें कि देश में कई इलाकों में इस संकट की घड़ी में भी एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी हो रही है। जबकि, केंद्र ने बार-बार कहा है कि घबराहट में जमाखोरी न करें और न ही इस लेकर किसी तरह की अफवाह फैलाएं। मोदी सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। पीएम मोदी की वीडियो कांफ्रेंस के बाद कालाबाजारियों और जमाखोरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू होने की संभावना है। इस बीच राहत की बात ये है कि ईरान ने घोषणा की है कि वह भारत सहित पांच देशों के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने देगा। यह देश के लिए बहुत बड़ी राहत की खबर है। आशीष दुबे / 26 मार्च 2026