कोलकाता (ईएमएस)। काला सागर के पास बोस्फोरस जलडमरूमध्य के निकट तुर्किये का तेल टैंकर ड्रोन हमले में क्षतिग्रस्त हुआ। 1.4 लाख टन कच्चा तेल ले जा रहे जहाज के सभी 27 चालक दल सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना से समुद्री सुरक्षा और तनाव बढ़ गया है। यह हमला उस समय हुआ जब जहाज रूस से कच्चा तेल लेकर आगे बढ़ रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, “अल्तुरा” नाम का यह टैंकर करीब 1,40,000 टन कच्चा तेल लेकर जा रहा था और बॉस्फोरस जलडमरूमध्य से लगभग 14 समुद्री मील दूर था। ड्रोन हमले में जहाज के ब्रिज और इंजन रूम को नुकसान पहुंचा, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमला बेहद सटीक तरीके से किया गया। यह हमला नौसैनिक ड्रोन के जरिए किया गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 27 चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह टैंकर यूरोपीय यूनियन के प्रतिबंधों के तहत आने वाले तथाकथित “शैडो फ्लीट” का हिस्सा रहा है, जिसका इस्तेमाल रूस से तेल निर्यात के लिए किया जाता है। इससे इस हमले को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। यह जहाज नोवोरोस्सिय्स्क पोर्ट से रवाना हुआ था और अब इस घटना ने काला सागर क्षेत्र में पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ा दिया है। सुबोध/२६-०३-२०२६