अंतर्राष्ट्रीय
26-Mar-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों को साफ संदेश दिया है कि ईरान युद्ध को लंबा नहीं खींचा जाएगा और अगले 4 से 6 हफ्तों में इसे खत्म करने की कोशिश की जाए। ट्रंप का कहना है कि ईरान के वार्ताकार बातचीत से इसलिए इंकार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि उनके अपने लोग ही उन्हें मार डालेंगे। ट्रंप ने अपनी टीम को कहा कि ईरान वॉर जल्द निपटाओ क्योंकि मेरे पास और भी बहुत से काम हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप का मानना है कि युद्ध अब अपने अंतिम चरण में है और इसे जल्द समाप्त कर वह अपने घरेलू राजनीतिक एजेंडे खासकर आगामी चुनावों और आर्थिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन इस समय एक बड़ी दुविधा में फंसा है। एक तरफ कूटनीतिक समाधान की कोशिशें चल रही हैं, तो दूसरी ओर रक्षा विभाग “अधिकतम दबाव” की नीति पर कायम है। यही वजह है कि अमेरिका ने मध्यपूर्व में अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती भी बढ़ा दी है। शांति वार्ता अभी शुरुआती चरण में है और मध्यस्थ देशों के जरिए बातचीत जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया है। इस बीच, अमेरिका के भीतर भी रणनीति को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं—कुछ नेता बातचीत के पक्ष में हैं, जबकि कुछ कड़ी सैन्य कार्रवाई और यहां तक कि ईरान में शासन परिवर्तन की बात कर रहे हैं। सुबोध/२६-०३-२०२६