मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री मानसी पारेख को हाल ही में एंटरटेनमेंट कैटेगरी में फेमिना गेम चेंजर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मानसी ने अवॉर्ड प्राप्ति की खुशी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे अवॉर्ड हाथ में लिए दिखाई दीं। मानसी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “हम अपनी नई राह खुद बनाते हैं। यही हमेशा मेरा मंत्र रहा है, चाहे जिंदगी हो या करियर। मैंने कभी भी लोगों की उम्मीद के मुताबिक रास्ता नहीं चुना। अपना खुद का रास्ता बनाया, भले ही वह कभी-कभी अनिश्चित लगे, हमेशा फायदेमंद साबित हुआ है।” उन्होंने बताया कि वे एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं और इंडस्ट्री में बिना किसी कनेक्शन के शुरुआत करना आसान नहीं था। मानसी ने कहा, “बिना किसी मदद के शुरुआत करके आज अपने सपनों को जीना और दूसरों के लिए भी नए मौके बनाना बहुत संतोषजनक है।” अभिनेत्री ने फेमिना इंडिया को विशेष धन्यवाद भी दिया, लिखा, “धन्यवाद फेमिना इंडिया मुझे एंटरटेनमेंट में गेम चेंजर अवॉर्ड देने के लिए। आशा है कि और भी महिलाएं खुद पर भरोसा करें और अपने तरीके से खेल बदलें।” मानसी पारेख टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एमटीवी के सीरियल ‘कितनी मस्त है जिंदगी’ से की थी। इसके बाद उन्होंने कई टीवी सीरियलों में काम किया, जिनमें ‘जिंदगी का हर रंग गुलाल’, ‘सुमित संभाल लेगा’, ‘कसौटी जिंदगी की’ और ‘सरस्वतीचंद्र’ शामिल हैं। टीवी करियर के बाद मानसी ने फिल्मों की ओर रुख किया और तमिल, गुजराती और हिंदी फिल्मों में काम किया। उन्होंने कई गुजराती फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ कुछ फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया। साल 2024 में उन्हें नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म ‘कच्छ एक्सप्रेस’ में अभिनय करने के साथ-साथ प्रोडक्शन का जिम्मा भी संभालना पड़ा, जो उनके करियर का महत्वपूर्ण मुकाम साबित हुआ। सुदामा/ईएमएस 27 मार्च 2026