मनोरंजन
27-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन में भी दर्शकों को कई बड़े नाम देखने को मिलने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, इस साल शो का हिस्सा बनने के लिए मल्लिका शेरावत का नाम चर्चा में है। इसके अलावा कई अन्य सितारों के नाम भी सामने आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस बार शो में रिया चक्रवर्ती, शालिनी पासी, फुकरा इंसान यानी अभिषेक मल्हान, मुनव्वर फारूकी, दिलीप ताहिल और कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू) नजर आ सकते हैं। इन कंटेस्टेंट्स की मौजूदगी से शो में अलग-अलग पर्सनैलिटी और गेमप्ले का रोचक मिश्रण देखने को मिलेगा। ‘द ट्रेटर्स 2’ की शूटिंग इस बार और भी भव्य होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान के जैसलमेर स्थित भव्य सूर्यगढ़ पैलेस को शूटिंग लोकेशन के तौर पर चुना गया है। करण जौहर खुद वहां पहुंच चुके हैं और सोशल मीडिया पर लोकेशन की झलकियां साझा कर चुके हैं, जिससे शो की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए हिंट दिया कि वे एक ऐसी जगह पर शूट कर रहे हैं जहां दूर-दूर तक सिनेमा का नामो-निशान नहीं है। इस बीच उन्हें एफओएमओ हो रहा है क्योंकि वे अपनी दूसरी पसंदीदा रियलिटी शो धुरंधर 2 नहीं देख पा रहे हैं। हालांकि, अभी तक शो के कंटेस्टेंट्स के नाम को लेकर कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है। करण जौहर का इंस्टाग्राम पोस्ट दर्शकों के लिए उत्साह बढ़ाने वाला साबित हुआ है। यह शो टास्क-बेस्ड रियलिटी शो है जिसमें कंटेस्टेंट्स को मिलकर टास्क पूरा करना होता है, लेकिन असली खेल तब शुरू होता है जब उन्हें अपने बीच छुपे गद्दार को चुनना होता है। यह कॉन्सेप्ट अमेरिकी शो ‘द ट्रेटर्स’ की तरह है और दर्शकों को रोमांचक और रणनीतिक गेमप्ले का अनुभव देता है। फैंस अब बेसब्री से इस दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि करण जौहर का यह शो पहले सीजन से भी ज्यादा रोमांचक और भव्य साबित होगा। बता दें कि करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ का पहला सीजन दर्शकों को खूब पसंद आया था। इस शो में कई सितारे एक ही छत के नीचे अपनी रणनीति और गेमप्ले दिखाते नजर आए थे। पिछले सीजन में अंशुला कपूर, आशीष विद्यार्थी, जन्नत जुबैर, उर्फी जावेद, मुकेश छाबरा, लक्ष्मी मंचू जैसे कलाकारों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया था। सुदामा/ईएमएस 27 मार्च 2026