क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- 60 से अधिक समाज होंगे शामिल रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी के अवसर पर भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री रामनवमी समिति ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शोभायात्रा शहर के नटवर हाई स्कूल परिसर से शुरू होकर रामलीला मैदान में समापन होगी। रामनवमी की शाम निकलने वाली इस शोभायात्रा में 60 से अधिक सर्व हिंदू समाज, सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं के लोग शामिल होकर एकता की मिसाल पेश करेंगे। छत्तीसगढ़ समेत देशभर से आमंत्रित कलाकारों की टीमें भी इसमें अपनी प्रस्तुति देंगी। समिति के अनुसार, इस शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी, जिसमें उस समय 54 समाज शामिल थे। इस वर्ष 60 से अधिक बिरादरी और संस्थाओं की भागीदारी के साथ यह आयोजन और भी भव्य रूप ले रहा है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को आकर्षक लाइटिंग और तोरण से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर राममय नजर आ रहा है। शोभायात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से 3 से 4 स्थानों पर एम्बुलेंस, डॉक्टर और चिकित्सा दल की तैनाती की गई है। वहीं नगर निगम की टीम सफाई व्यवस्था संभालेगी। आकर्षण का केंद्र बनने वाले कार्यक्रमों में पंजाब पाइप बैंड, कालाहांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य और कोलकाता के कार्टून शामिल रहेंगे। इसके अलावा आदिवासी नृत्य और अखाड़ेबाजी के रोमांचक प्रदर्शन भी लोगों को देखने को मिलेंगे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुबह से रात तक पुलिस बल तैनात रहेगा, वहीं जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। कार्यक्रम का समापन रामलीला मैदान में श्रीराम की आरती और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026