रायगढ़(ईएमएस)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 मवेशियों को तस्करी से मुक्त कराया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति 6 बैल-बछड़ों को मारपीट करते हुए और बिना चारा-पानी के ओडिशा ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अटल चौक लैलूंगा में घेराबंदी की। मौके पर एक व्यक्ति 4 बैल और 2 बछड़ों के साथ संदिग्ध हालत में मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम समारू यादव (49) निवासी भुईयापानी, लैलूंगा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन मवेशियों को कुसु यादव निवासी सिहारधार, लैलूंगा के कहने पर ओडिशा ले जा रहा था। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त कराते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026