क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिल में पुलिस ने मंत्रालय में सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर पुसौर क्षेत्र के तीन युवकों से करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। मामले की शिकायत ग्राम घुघवा निवासी कुंजबिहारी पटेल (32) ने 22 जनवरी को थाना पुसौर में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी सितेश पाणिग्राही ने मंत्रालय में पहचान होने का दावा कर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने अपने भाई का कथित ऑनलाइन ज्वाइनिंग लेटर दिखाया और किस्तों में पैसे मांगे। कुंजबिहारी ने नौकरी की उम्मीद में अपनी जमीन बेचकर अप्रैल 2022 में 4.58 लाख रुपये और बाद में 3.69 लाख रुपये आरोपी को दिए। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। गांव के मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3.77 लाख और देवकुमार से 8 लाख रुपये लेकर कुल 20.04 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ितों को दुर्ग ले जाकर विवेक कुमार नामक व्यक्ति से मिलवाया गया, जिसने भी नौकरी के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकार की और चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर वे बाउंस हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुर्ग से आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया। पूछताछ में अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026