बीजापुर(ईएमएस)। जिले के भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बच्चा चोरी के शक में दो युवकों की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम दंपाया निवासी विकास कावटी और संतोष कावटी अपने रिश्तेदार के घर बकरा छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंगापल्ली के पास उनका बकरा छूटकर भागने लगा, जिसे पकड़ने की कोशिश में दोनों युवक इधर-उधर दौड़ रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध समझ लिया और बच्चा चोर होने के शक में पकड़कर लाठी-डंडों, चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की सच्चाई और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की आवश्यकता बताई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026