क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


- मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, 4000 बोरी बरामद जशपुर(ईएमएस)। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के बारदानों के गबन का बड़ा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4000 बारदाने और वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला वर्ष 2022-23 का है। जिला विपणन संघ ने उचित मूल्य दुकानों से खाली बारदानों के संकलन और उन्हें सरकारी गोदाम तक पहुंचाने का ठेका रिजवान अली को दिया था। अनुबंध के तहत उसे कांसाबेल विकासखंड की राशन दुकानों से बारदाने एकत्र कर कुनकुरी स्थित गोदाम में जमा करना था, लेकिन जांच में सामने आया कि उसने बारदानों को गोदाम में जमा करने के बजाय बाजार में बेच दिया। विभागीय जांच में कुल 33,850 बारदानों की कमी पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 8.39 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने सूरजपुर और अंबिकापुर में दबिश देकर मुख्य आरोपी रिजवान अली और अवैध रूप से बारदाने खरीदने वाले सुधीर साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026