जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी संदीप बंदे (34) कोसा पचरीपारा का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूटी गई रकम में से 500 रुपये बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना 9 जनवरी 2026 की रात की है। ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा मेन रोड पर नवल सिंह के घर के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए पीड़ितों से 3500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। पीड़ितों की शिकायत पर थाना मुलमुला में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर फरार आरोपी संदीप बंदे की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026