क्षेत्रीय
27-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा यात्रियों की मांग तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते रेल यात्रियों की बढ़ने वाली संभावित संख्या के मद्देनजर राजस्थान के श्रीगंगानगर के लिए समर स्पेशल के रूप में इंदौर से पहली बार सीधी रेल सेवा शुरू करने की घोषणा के साथ इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है। श्रीगंगानगर से यह ट्रेन 2 अप्रैल से और इंदौर से 3 अप्रैल से शुरू होगी। उत्तर-पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित यह ट्रेन इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से रवाना होंगी। 04735/04736 नंबर से संचालित यह समर स्पेशल ट्रेन इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर फतेहाबाद, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, चंदेरिया, भीलवाड़ा, अजमेर, मदनगंज, किशनगढ़, फुलेरा, रिंगस, सीकर, लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर शेखावाटी, चूरू, सादुलपुर, तारानगर रोड, नूरसर, एलनाबाद, हनुमानगढ़, सूरतगढ़ होते हुए श्रीगंगानगर तक जाएगी। -यह होगा शेड्यूल- गंगानगर-इंदौर (04735)- 2 अप्रैल 2026 से 9 जुलाई 2026 तक हर गुरुवार चलेगी। इंदौर-श्रीगंगानगर (04736)- 3 अप्रैल 2026 से 10 जुलाई 2026 तक हर शुक्रवार चलेगी। इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से यह ट्रेन दोपहर 1.55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9.55 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। वहीं वापसी में श्रीगंगानगर से ट्रेन दोपहर 12.50 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 1.55 बजे इंदौर पहुंचेगी। आनंद पुरोहित/ 27 मार्च 2026