राजगढ़(ईएमएस)l सनातन संस्कृति के आधार प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव और चैत्र नवरात्रि का मुख्य दिवस महानवमी का पर्व आज चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर शहर सहित जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। दोनों पर्वों को लेकर नगर के मंदिरों में कई विशेष आयोजन होंगे। इन आयोजनों को लेकर मंदिरों, आश्रमों और धार्मिक संस्थाओं में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पर्व आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह नजर आ रहा है। रामनवमी के इस पावन पर्व पर शहर के किला स्थित लक्ष्मीकांत मंदिर में विशेष आयोजन होगा। मंदिर के पुजारी ज्योतिषाचार्य पंडित हेमेन्द्र शर्मा ने बताया कि मंदिर में राम जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी। यहां सुबह 8 बजे से 11:55 बजे तक श्रद्धालुओं द्वारा सवा लाख रामनाम का लेखन और “श्रीराम जय राम, जय जय राम” नाम का सवा लाख जाप किया जाएगा। करीब चार घंटे तक चलने वाले इस आयोजन के बाद दोपहर ठीक 12 बजे प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान उनके सुंदर श्रृंगार दर्शन कराए जाएंगे। बताया गया कि इस अवसर के लिए विशेष रूप से राजस्थान से भगवान की सुंदर पोशाक मंगवाई गई है। दर्शन के बाद महाआरती होगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन किए जाएंगे। महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। मां जालपा मंदिर पर हवन और भंडारा: आज मां जालपा मंदिर पर नव दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का समापन होगा। इसके अंतर्गत सुबह 9 बजे से दुर्गा सप्तशती के सिद्ध मंत्रों के साथ हवन किया जाएगा। यहां दोपहर 12 बजे राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जबकि सुबह 11 बजे से शाम तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा। -निखिल/राजगढ़/27/3/2026