- झलमला तिराहा से तांदुला तक बढ़ेगी सड़क चौड़ाई बालोद(ईएमएस)। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर झलमला तिराहा से तांदुला नदी मुक्तिधाम तक करीब 2.5 किमी सड़क को फोरलेन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। वर्तमान में 10 मीटर चौड़ी टू-लेन सड़क को बढ़ाकर 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा। एनएच विभाग के एसडीओ अनिल ध्रुव के अनुसार, फोरलेन निर्माण को लेकर प्रारंभिक प्रक्रिया जारी है। अतिक्रमण हटाने का काम पहले ही पूरा हो चुका है, जिससे आगे निर्माण में कोई बाधा नहीं आएगी। जल्द ही प्रस्ताव रायपुर मुख्यालय और फिर केंद्रीय परिवहन मंत्रालय को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। फिलहाल लीड कॉलेज से तांदुला मुक्तिधाम के पास सुमित बाजार तक डिवाइडर का निर्माण जारी है, जिसे आगे झलमला तिराहा से जोड़ने की योजना है। इस मार्ग पर रोजाना करीब एक लाख लोगों का आवागमन होता है, जिन्हें फोरलेन बनने से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एनएच विभाग के अनुसार, पुरूर से झलमला तक करीब 17.800 किमी सड़क को शोल्डर सहित 12 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसमें 10 मीटर डामर सड़क और दोनों ओर 1-1 मीटर शोल्डर होगा। इस परियोजना से बालोद सहित कांकेर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, मानपुर-मोहला समेत 8 जिलों के लोगों को फायदा मिलेगा। फोरलेन बनने और डिवाइडर निर्माण से सड़क हादसों में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में आमने-सामने की टक्कर के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में बस की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी की भी मौत हुई थी। डीपीआर के अनुसार, पुरूर और झलमला के बीच 1.450 किमी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 11.300 किमी सड़क को भी फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इसमें जगतरा, जमरुवा, सांकरा, कन्नेवाड़ा, धनोरा, गुरूर, कोलिहामार समेत कई गांव शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 12.750 किमी सड़क को 24 मीटर चौड़ा किया जाएगा। एनएच विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना 2025-26 के केंद्रीय बजट में भी शामिल है और डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण में कोई अड़चन नहीं आएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026