बालोद(ईएमएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला पंचायत के सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी ने गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम गुरेदा, ओटेबंद और कचांदुर का दौरा कर आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अप्रारंभ आवासों को जल्द शुरू करने और निर्माणाधीन मकानों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीईओ ने हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्माण स्थलों पर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सोख्ता गड्ढा बनाने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। निरीक्षण के दौरान मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों और स्व-सहायता समूह (SHG) शेड का भी जायजा लिया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, उपस्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीईओ ने हाईस्कूल का निरीक्षण कर परीक्षाओं और अध्ययन केंद्रों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के अधिकारी, मनरेगा एवं पीएम आवास से जुड़े कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026