कवर्धा(ईएमएस)। जिले में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शादी के दबाव से नाराज युवक ने अपने पिता और एक साथी के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को रानी दहरा वाटरफॉल में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य को सहयोगी के रूप में आरोपी बनाया गया है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुखबती बैगा के रूप में हुई है, जो मुंगेली जिले के दरवाजा गांव की रहने वाली थी। वह अपने प्रेमी देवेंद्र जायसवाल (26) के साथ पुणे में लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। बताया जा रहा है कि सुखबती पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि सुखबती लगातार देवेंद्र पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। देवेंद्र का पिता केशव प्रसाद भी इस रिश्ते के खिलाफ था और बदनामी के डर से दोनों ने मिलकर सुखबती को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली। प्लानिंग के तहत देवेंद्र और उसका पिता सुखबती को पुणे से गांव लेकर आए और घूमाने के बहाने रानी दहरा वाटरफॉल ले गए। वहां पहले से मौजूद उनके साथी मनोज पटेल के साथ मिलकर सुखबती के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को वाटरफॉल में फेंक दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। घटना का खुलासा तब हुआ जब वाटरफॉल में एक अज्ञात महिला का शव तैरता मिला। पुलिस ने जांच शुरू की और दो दिन के भीतर मृतका की पहचान कर ली। लोकेशन और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने देवेंद्र को पुणे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पहले उसने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद 25 मार्च को उसके पिता केशव प्रसाद और साथी मनोज पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने और शव ठिकाने लगाने का तरीका टीवी क्राइम शो देखकर सीखा था। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 मार्च 2026